
महुआडांड़ अनुमंडल के गारू प्रखंड अंतर्गत क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) तरुण कुमार सिंह को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने पहले भी डीएफओ कार्यालय को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन अब तक उच्च अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र पदाधिकारी के कार्य व्यवहार से लोग परेशान हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में बड़े सरवन क्षेत्र के मायापुर, पहाड़कोचा, डाडकोच, रामशैली, डेडगांव, दौना, दुरुप से सहित कई गांवों के लोगों ने एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया हैग्रामीणों ने बताया कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी 19 मार्च को वन कार्यालय बारेसाड का घेराव किया जाएगा। इस घेराव कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।इसी क्रम में शुक्रवार को ग्रामीणों ने महुआडांड़ अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष कुलदीप नायक, सचिव प्रेम शंकर पांडे, सदस्य दीपक कुमार सोनी, ग्रामीण बलराम यादव सहित कई लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।




