
महुआडांड़ (लातेहार): महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत ओरसा पंचायत के छत्तीसगढ़ सीमा से लेकर भुगलुडीह तक करीब 15 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त के नाम महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बिपिन कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सीमा से शुरू होकर ओरसा पंचायत के कई गांवों को जोड़ते हुए भुगलुडीह तक जाने वाली यह सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है और कई स्थानों पर पानी भर जाने से सड़क पहचान में भी नहीं आती है। इससे रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क से दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बच्चे कीचड़ और खराब सड़क के कारण स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी मुश्किल होती है। कई बार एंबुलेंस खराब सड़क के कारण गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को खाट या मोटरसाइकिल के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ता है।किसानों ने बताया कि सड़क खराब होने से खेती-किसानी पर भी असर पड़ रहा है। खेतों से उपज को बाजार तक पहुंचाना बेहद कठिन हो गया है। वाहन चालक खराब सड़क के कारण गांव तक आने से कतराते हैं, जिससे किसानों को कम कीमत पर ही अपनी उपज बेचनी पड़ती है। इससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह सड़क छत्तीसगढ़ सीमा से जुड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं की गई है। सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र का विकास भी बाधित हो रहा है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि छत्तीसगढ़ सीमा से लेकर भुगलुडीह तक 15 किलोमीटर सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।एसडीओ बिपिन कुमार दुबे ने ज्ञापन प्राप्त कर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।




