
35 करोड़ के भवन निर्माण में बड़ा घोटाले की आशंका, नियम विरुद्ध लोकल बालू का उपयोग, जांच की मांग
महुआडांड़ प्रखंड के बांसकरचा में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भवन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में नियमों को दरकिनार करते हुए लोकल बालू का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा हैमामले की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य इस्तेला नागेसिया और प्रखंड प्रमुख कंचन कुजूर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल पर लोकल बालू का उपयोग होते पाया, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।जिला परिषद सदस्य इस्तेला नागेसिया ने कहा कि 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भवन में नियमों की अनदेखी बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लोकल बालू का उपयोग सीधे तौर पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाला है और इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।वहीं प्रखंड प्रमुख कंचन कुजूर ने कहा कि इतने बड़े बजट की योजना में इस तरह की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि नियमों के विरुद्ध कार्य किया जा रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संवेदक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिएदोनों जनप्रतिनिधियों ने महुआडांड़ बीडीओ संतोष बैठा और एसडीओ बिपिन कुमार दुबे से तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य में हो रही कथित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।




