
सरकारी भवन पर कब्जा कर धड़ल्ले से चल रहा निजी स्कूल, प्रशासन मौन — मिलीभगत की आशंका गहराई
महुआडांड़ प्रखंड के चटकपुर गांव में सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर निजी विद्यालय संचालित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। “स्टारलाइट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल” नामक निजी विद्यालय सरकारी भवन में खुलेआम चल रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। इससे प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, चटकपुर गांव में स्थित सरकारी भवन का उपयोग निजी स्कूल संचालन के लिए किया जा रहा है। विद्यालय के बाहर लगे बोर्ड पर “स्टारलाइट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, चटकपुर” लिखा हुआ है, साथ ही सोसायटी रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित किया गया है। इससे साफ है कि यह निजी संस्था द्वारा संचालित विद्यालय है, फिर भी सरकारी भवन में इसका संचालन जारी है।ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी भवन में निजी स्कूल चलाना नियमों का खुला उल्लंघन है, लेकिन संबंधित अधिकारी इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के सरकारी भवन में निजी स्कूल चलाना संभव नहीं है। इससे अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से सरकारी संपत्ति का निजी उपयोग किया जा रहा है, लेकिन न तो जांच हुई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि आम व्यक्ति सरकारी भवन का इस तरह उपयोग करता तो अब तक कार्रवाई हो चुकी होती, लेकिन यहां जिम्मेदार लोग चुप्पी साधे बैठे हैं।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर किसकी अनुमति से सरकारी भवन में निजी विद्यालय चलाया जा रहा है। क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर मामले को दबाया जा रहा है?मामले को लेकर गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।




