
किसान परिवार के तीनों बच्चों ने किया कमाल, स्कूल में टॉप
स्थान: गांव किरतान, जिला हिसार (हरियाणा)
हरियाणा के हिसार जिले के किरतान गांव से एक बेहद प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां एक किसान परिवार के तीनों बच्चों ने अपने स्कूल में टॉप कर पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया।
सबसे बड़ी बेटी चेतना प्रजापति ने कक्षा पांचवीं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं छोटी बेटी अंजना प्रजापति ने कक्षा तीसरी में टॉप किया। इनके छोटे भाई ने नर्सरी कक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया।
इन बच्चों के पिता विजय प्रजापति एक छोटी सी प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि माता सरला देवी खेती-बाड़ी और घर की जिम्मेदारी संभालती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा राजकुमार कामियां और दादी कृष्णा देवी को दिया, जिन्होंने पढ़ाई में उनका पूरा सहयोग किया।
बच्चों ने यह भी बताया कि गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में अब बहुत अच्छी और पूरी तरह मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने अपने सभी शिक्षकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई।
स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में तीनों बच्चों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों में श्रीमती कमलेश, श्री बलजीत, श्री अशोक कुमार, श्रीमती सुशंती देवी और श्रीमती विजयलक्ष्मी तथा बच्चों की माता सरला देवी उपस्थित रहीं।




