हाथी का आतंक: घर क्षतिग्रस्त, अनाज चट कर फसल भी बर्बाद

अनूप कुमार की रिपोर्ट
महुआडांड़ (लातेहार)। पलामू टाइगर रिज़र्व (पीटीआर) अंतर्गत महुआडांड़ और बरेसाड़ रेंज क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने रविवार रात जमकर उत्पात मचाया। हाथी के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, महुआडांड़ रेंज के मेढरुआ गांव निवासी कृष्णकांत यादव के घर को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे करीब पांच बोरा सरसों को हाथी ने खा लिया, जबकि रसोई घर में रखे सामान को भी तहस-नहस कर दिया।
वहीं बरेसाड़ रेंज अंतर्गत चुहरा (गुरुटोला) गांव में रुदन लोहरा और केश्वर मुंडा की रबी फसल को भी हाथी ने रौंद कर बर्बाद कर दिया।इस संबंध में महुआडांड़ के वनपाल कुंवर गंझु ने बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथी का आवागमन हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि वन विभाग की टीम हाथी को जंगल की ओर भगाने का प्रयास कर रही हैवनपाल ने यह भी बताया कि हाथी द्वारा हुए नुकसान की कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।




