महुआडांड़ में JLKM को बड़ा झटका, महिला मोर्चा अध्यक्ष और युवा प्रखंड अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

अनूप कुमार की रिपोर्ट
लातेहार। महुआडांड़ प्रखंड में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) को बड़ा झटका लगा है। संगठन में चल रहे आपसी मतभेद और समन्वय की कमी से नाराज होकर महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष मंजू टोप्पो और युवा प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।दोनों नेताओं ने केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो को संबोधित करते हुए अपना इस्तीफा सौंपा है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उन्होंने लगातार काम किया, लेकिन प्रखंड कमिटी में लगातार आपसी मतभेद और समन्वय की कमी बनी हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और सहयोग नहीं दिया जा रहा था। इतना ही नहीं, उनके साथ काम करने वाले टीम के सदस्यों को भी उचित सम्मान और महत्व नहीं मिल रहा था, जिससे संगठन में काम करना लगातार कठिन होता जा रहा था।दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि उन्होंने कई बार संगठन के हित में इस मुद्दे को उठाया और सुधार की उम्मीद जताई, लेकिन स्थिति में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं हुआ। ऐसे हालात में संगठन में रहते हुए प्रभावी ढंग से काम करना संभव नहीं रह गया, जिसके कारण उन्होंने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।राजनीतिक हलकों में इस इस्तीफे को महुआडांड़ प्रखंड में संगठन के भीतर बढ़ते असंतोष के रूप में देखा जा रहा है।




